बरपाली (आधार स्तंभ) : उरगा पुलिस की बड़ी कार्यवाही, जुआ खेलते आठ व्यक्तियों को किया गिरफ्तार। सरपंच, जनपद सदस्य के अलावा शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष भी शामिल।
मिली जानकारी के अनुसार उरगा थाना अंतर्गत ग्राम बरपाली में कल शाम लगभग 5 बजे उरगा पुलिस की छापामार कार्यवाही में जुआ खेलते आठ लोग गिरफ्तार हुए हैं। जुआ का फड़ बरपाली के शराब दुकान के सामने खेतों के बीच लगाया गया था। जहां दबिश देकर पुलिस ने जुआ खेलते बरपाली के जनपद सदस्य राजू खत्री, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति शास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पठियापाली के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, पकरिया के सरपंच वेद प्रकाश कंवर सहित कुल आठ लोगों को पकड़ा है। सभी पर उरगा पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही की गई।
वाहन में वी आई पी सायरन लगाकर घूमते हैं जनपद सदस्य
बरपाली के जनपद सदस्य राजू खत्री अपने वाहन जिसमें जनपद सदस्य का बोर्ड लगा है उसमें वी आई पी सायरन लगाकर घूमते हैं। जबकि किसी भी जनपद सदस्य को अपने वाहन में वी आई पी सायरन लगाने की अनुमति नहीं है।
जुआ एक सामाजिक बुराई है जिसमें कारण कई घर उजड़ गए है इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए शासन प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी बनती है। लेकिन जब जनप्रतिनिधि ही स्वयं इस बुराई में लिप्त हों तो इसका संदेश आम जनता के सामने क्या जाएगा यह सोचने वाली बात है। सरपंच, जनपद सदस्य, शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष जैसे गरिमामयी पदों का इनके द्वारा अपमान किया जा रहा है। ऐसे जनप्रतिनिधियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही किये जाने की आवश्यकता है।